बरेली। आयुष मंत्रालय के निर्देश पर 21 जून को होने वाले पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों में 15 जून से 30 जून तक योग पखवाड़ा मनाया जाएगा। आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथ विभाग की ओर से जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर जहां लोगों को योग के महत्व की जानकारी दी जाएगी वहीं गोष्ठी व सेमिनार आदि के माध्यम से आमजन में योग के प्रति जागरूकता पैदा की जाएगी। 21 जून को प्रदेश के सभी जिलों के जिला मुख्यालयों अथवा उसके पास स्थित ग्राउंड, स्टेडियम, पुलिस परेड ग्राउंड, सार्वजनिक मैदान आदि में योग किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। सचिव उत्तर प्रदेश शासन अजय कुमार शुक्ल ने आशय का पत्र प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों को भेज इसे सुनिश्चित किए जाने को कहा है।
शासन स्तर से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी भी गठित की गई है। इसमें एसपी, सीडीओ, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथ अधिकारी व योग वेलनेस सेंटर के योग प्रशिक्षक, नगर पंचायत, नगर पालिका के ईओ को सदस्य बनाया गया है। पखवाडे़ के तहत जिला, ब्लाक एवं न्यायपंचायत, स्कूल, कॉलेजों में योग पखवाड़ा के तहत जागरूकता के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, गोष्ठी आदि आयोजित करने की बात कही गई है। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधान की अगुवाई में सदस्यों को शामिल करते हुए एक समिति भी गठित करने को कहा गया है। युवक मंगल दल आंगनबाड़ी, एएनएम व आशा वर्कर की कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों को भी योग प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें 21 जून को होने वाले योग अभ्यास के मुख्य कार्यक्रम में शामिल रहने को प्रेरित करने को कहा जाएगा। शासन से प्राप्त पत्र के बाद जिले में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन विशद ने आदेश की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 15 जून को प्रेमनगर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय के योग वेलनेस सेंटर पर योग पखवाड़े का शुभारंभ होगा। उद्घाटन मेयर उमेश गौतम करेंगे। इस मौके पर योग विषय पर गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।