बरेली। ओवरब्रिज का काम पूरा करने के लिए फिर से लाल फाटक रोड बंद करने की तैयारी है। कुछ दिन पहले कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने रेलवे, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अफसरों के साथ मीटिंग की थी। अधिकारियों का कहना था कि ट्रैफिक डायवर्जन किए बगैर काम की गति बढ़ाना मुमकिन नहीं है। रेलवे के अफसरों का कहना है कि क्रासिंग पर पुल बनाने के लिए ट्रैफिक को बंद करने के अलावा कोई दूसरा चारा भी नहीं है। कमिश्नर ने अधिकारियों से रूट डायवर्जन की रिपोर्ट मांगी थी। कमिश्नर का कहना है कि इस संबंध में जल्द ही फैसला लिया जाना है।
सेतु निगम ने करीब पांच माह पहले भी ट्रैफिक डायवर्जन किए बगैर पुल का काम करने में असमर्थता जाहिर की थी। तब प्रशासन ने रोडवेज बसों का संचालन फरीदपुर के पास से बुखारा रोड से शुरू कराया था। बाद में इसे लेकर रोडवेज के अफसरों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया। अब सेतु निगम के साथ क्रासिंग पर रेलवे को भी अपने हिस्से का काम शुरू करना है। इसे लेकर रेलवे, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारियों के साथ कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने बैठक की थी। रेलवे के अफसरों ने साफ तौर से कहा था कि ट्रैफिक बंद किए बगैर पुल का काम शुरू कर पाना मुमकिन नहीं है। इस मीटिंग के बाद कमिश्नर ने अधिकारियों से यह विकल्प मांगे थे कि लालफाटक पर अगर यातायात बंद कर दिया जाए तो ट्रैफिक कहां से निकाला जा सकता है। बताते हैं कि अधिकारियों ने यह रिपोर्ट कमिश्नर को सौंप दी है। जल्द ही लालफाटक पर ट्रैफिक को बंद करने का फैसला लिया जा सकता है।
‘लालफाटक पर ट्रैफिक को बंद किए बगैर अधिकारियों ने पुल के काम में आने की बात कही थी। इसलिए लाल फाटक रोड पर ट्रैफिक बंद करने की तैयारी की जा रही है।’
- रणवीर प्रसाद, कमिश्नर