बरेली। भीषण गर्मी में ट्रेनों के देरी ने यात्रियों का सफर मुश्किलों से भर दिया है। सोमवार को छह घंटे देरी से चल रही प्रयागराज एक्सप्रेस बरेली जंक्शन से तीन घंटे और लेट हो गई। इसके साथ ही लखनऊ से आने वाली अप लाइन की ट्रेनें भी घंटों लेट रहीं। गुवाहाटी एक्सप्रेस तो सुबह के बजाय शाम को पहुंची।
प्रयाग एक्सप्रेस छह घंटे देरी से शाम 4.13 बजे जंक्शन पहुंची। वाशिंग लाइन में मेंटीनेंस के बाद ट्रेन तीन घंटे देरी से रात साढ़े आठ बजे प्रयागराज के लिए रवाना हुई। दूसरी ओर ब्लाक न होने के बाद भी लखनऊ दिशा की ओर से आने वाली अप लाइन की ट्रेनें भी घंटो देरी से जंक्शन पहुंची। अवध असम एक्सप्रेस आठ घंटे देरी से शाम छह बजे, हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस चार घंटे देरी से तीन बजे, सिंगरौली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस चार घंटे देरी से सवा चार बजे, दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से शाम साढ़े चार बजे जंक्शन पहुंची। डाउन लाइन में नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी एक घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। भीषण गर्मी में बिलबिलाए यात्रियों का कहना था कि बिना ब्लाक ट्रेनें इतनी लेट हैं तो ब्लॉक लेने पर जाने कितनी देरी से चलेंगी। मुरादाबाद डिवीजन के एडीआरएम अश्विनी कुमार ने बताया कि पटरियों और ओएचई लाइन में तकनीकी दिक्कत आने से ट्रेनें लेट हो रही हैं।