बरेली। जाट रेजीमेंट सेंटर में चल रही रिलेशनशिप हेडक्वॉर्टर कोटा भर्ती में 31 मई को फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेडिकल टेस्ट शुरू हो गए हैं। कोटा भर्ती के प्रोसीडिंग ऑफिसर कर्नल केहर सिंह के मुताबिक 1 जून से मेडिकल टेस्ट शुरू हुए हैं। पिछले तीन दिनों में 350 से ज्यादा अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट हो चुका है।
प्रोसीडिंग ऑफिसर के अनुसार 27 मई से 31 जून तक चले फिजिकल टेस्ट में 3800 अभ्यर्थी दौड़ और अन्य फिजिकल टेस्ट में शामिल हुए। सफल 2188 अभ्यर्थियों को अब मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया है। मिलिट्री हॉस्पिटल समेत आठ डॉक्टरों की टीम अभ्यर्थियों की मेडिकल फिटनेस चेक कर रही है। सोमवार तक 350 अभ्यर्थियों का टेस्ट हो चुका है। शेष अभ्यर्थियों का मेडिकल छह से सात दिन तक चलने की संभावना है। बताया कि अनफिट पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को रिमेडिकल का मौका मिल रहा है। जिसके बाद वे माह भर के भीतर फिर से फिटनेस के बाबत दावेदारी कर सकते हैं। वहीं, रिमेडिकल में भी अनफिट मिलने पर किसी तरह की सुनवाई नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट पूरा होने के बाद फिट अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
दलालों के बहकावे में न आएं अभ्यर्थी
कर्नल केहर सिंह के मुताबिक फिजिकल टेस्ट में पास होने वाले अभ्यर्थी जब मेडिकल टेस्ट में अनफिट होते हैं तो ऐसे अभ्यर्थी दलालों के झांसे में आसानी से आ जाते हैं। उन्होंने अनफिट अभ्यर्थियों को किसी तरह के प्रलोभन या दलाल के झांसे में नहीं आने का सुझाव दिया है। उन्होंने सफल अभ्यर्थी के दलाल के संपर्क में पाए जाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही असफल अभ्यर्थियों को फिर से भर्ती प्रक्रिया में मजबूती से दावेदारी पेश करने का सुझाव दिया है।