शाहजहांपुर। सड़कों पर घूमते गोवंशीय और अन्य आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाने सहित किसान हित की अन्य कई मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अजीत गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर भाकियू का शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह से मिला और उन्हें डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन से पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में किसान पंचायत को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला अध्यक्ष सरदार अजीत सिंह ने कहा कि आवारा पशुओं को गोशालाओं और पशु आश्रय स्थल नहीं भेजे जाने से किसानों को भारी क्षति का सामना करना पड़ रहा है और इसी के साथ फसल सुरक्षा को लगाए जाने वाले ब्लेड वाले तार से पशुओं के घायल होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिला उपाध्यक्ष संजीव अवस्थी ने कहा कि बिजली से कई किसानों की फसलें जल चुकी हैं, लेकिन अभी तक मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से पीड़ित किसान अगली फसल की तैयारी के लिए पूंजी नहीं होने से बहुत परेशान है। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वस्त किया कि आवास के बदले धनराशि मांगे जाने की जांच में पुष्टि होने पर संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मालती देवी, मीना यादव, पुत्तन अंसारी, जयेंद्र सिंह, रेखा देवी, अनिल सिंह यादव आदि मौजूद रहे।