साहब संडे को थोड़ा राहत में आए तो डीडीपुरम में फिर ठेले लगवाए
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। नगर निगम की टीम ने शनिवार को डीडीपुरम चौराहे के पास सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे हटवाए थे। मगर रविवार को नगर आयुक्त और निगम अफसर थोड़ा राहत में आए तो एक भाजपा नेता ने वहां सड़क किनारे फिर से ठेले लगवा दिए।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर नगर निगम टीम वहीं सक्रिय नजर आती है, जिधर से नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. गुजरते हैं। पिछले साल अतिक्रमण हटवाने के बावजूद डीडीपुरम में एलआईसी बिल्डिंग के पास सड़क किनारे तमाम खाद्य सामग्री के ठेले लग गए थे। तीन-चार दिन पहले नगर आयुक्त वहां से गुजरे तो उन्होंने कब्जे हटाने की चेतावनी दी, मगर किसी ने नहीं सुना। शनिवार को वह दोबारा डीडीपुरम चौराहे से गुजरे तो ठेले लगे देख अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर निगम की टीम मौके पर पहुंची और ठेले हटवाने की कार्रवाई शुरू की। मगर एक भाजपा नेता इसके विरोध में आ गए। मौके पर ही उन्होंने निगम की कार्रवाई रोकने की कोशिश भी की लेकिन निगम टीम ने उनकी एक नहीं सुनी और सारे ठेले-खोमचे वालों को हटा दिया। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ। कार्रवाई के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना ने दोबारा दुकानें लगाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी, मगर रविवार को इसका कोई असर नजर नहीं आया। छुट्टी का दिन था, नगर निगम भी बंद था। नगर आयुक्त समेत निगम अफसर राहत में थे। ऐसे में एक भाजपा नेता ने इसका फायदा उठाकर वहां पर दोबारा ठेले-खोमचे लगवा दिए। निगम की कार्रवाई के अगले दिन ही दोबारा कब्जा होने के बारे में बात करने के लिए नगर आयुक्त को फोन किया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।