बरेली। सवर्णों के लिए दस प्रतिशत आरक्षण बीएड की काउंसलिंग में अड़ंगा नहीं बनेगा। सोमवार को काउंसलिंग की तारीख भी तय कर दी जाएगी। वहीं, सवर्णों के लिए दस प्रतिशत आरक्षण एनसीटीई से अनुमति मिलने के बाद सीटें बढ़ने पर ही लागू होगा।
इस बार बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आयोजित कराई थी। 15 अप्रैल को हुई इस प्रवेश परीक्षा में 5,66,399 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। 29 मई को इसकी रैंकिंग भी जारी की जा चुकी है और अब काउंसलिंग शुरू कराने की तैयारी है। काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही होगी। इसको लेकर रविवार को परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती ने लखनऊ में नोडल एजेंसी के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने बताया कि सोमवार को काउंसलिंग की तिथि तय कर दी जाएगी। वहीं, बीएड एडमिशन में सवर्णों के दस प्रतिशत आरक्षण पर उन्होंने कहा कि यह सीटें बढ़ने के बाद ही लागू होगा। इसके लिए काउंसलिंग में विलंब नहीं किया जाएगा। आगे जैसे दिशानिर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार काम होगा।