बरेली। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा की जांची गई कापियों की स्क्रूटनी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शनिवार से विश्वविद्यालय के कैश काउंटर पर फार्म मिलने शुरू हो गए हैं। इस बार फेल छात्र-छात्राओं की ज्यादा संख्या को देखते हुए ज्यादा आवेदन आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 15 मई को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया है। इस बार परीक्षा में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या अच्छी खासी है। स्नातक में 86,427 और परास्नातक में 11,271 छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं। ऐसे में तमाम छात्र-छात्राएं अपनी कॉपी की स्क्रूटनी कराने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय ने कैश काउंटर पर शनिवार से आवेदन फार्म की बिक्री शुरू कर दी है। फार्म के लिए छात्र-छात्राओं को सौ रुपये और प्रति विषय 50 रुपये अदा करने होंगे। इन फार्म की बिक्री 25 जून तक होगी और आवेदकों को इसे भरकर पंजीकृत डाक से एक जुलाई तक वित्त अधिकारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय को प्रेषित करना होगा। व्यक्तिगत रूप से कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं होगा।