बरेली। उपसभापति अतुल कपूर के नोटिस का नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। इस पर उपसभापति ने नगर आयुक्त को रिमाइंडर देकर सप्ताह भर में जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
पिछले दिनों कुष्ठ आश्रम प्रकरण में नगर निगम में जोरदार धरना प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने मीडिया से बातचीत के दौरान उपसभापति अतुल कपूर और व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। उपसभापति और व्यापारी नेता से इसे मानहानि बताकर नगर आयुक्त को नोटिस देकर सात दिन में जवाब देने को कहा था। नगर आयुक्त ने भी नोटिस का कानूनी प्रक्रिया के तहत जवाब देने की बात कही थी। मगर अब तक जवाब न मिलने से उपसभापति ने नगर आयुक्त को रिमाइंडर भेजा है।
उन्होंने कहा है कि उम्मीद थी, आप भूल स्वीकार करके तालमेल बनाकर निगम के माध्यम से विकास कराएंगे। मगर आपने बेवजह प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। अब यह आपको प्रथम व अंतिम स्मृति पत्र भेजा जा रहा है। अगर सात दिन में जवाब नहीं दिया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में बातचीत के लिए नगर आयुक्त को फोन किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।