बरेली। शहर में जाम बड़ी समस्या बन गया है। गुरुवार को चौपुला चौराहा और ओवरब्रिज के पास दिन में भीषण जाम रहा। कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षा की वजह से पीलीभीत बाईपास की कलापुर पुलिया पर भी लंबा जाम लगा। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी जाम के हालात बने रहे। ई रिक्शा व अन्य वाहन चौराहे घेरे खड़े रहे। चौपुला को छोड़ दें तो ट्रैफिक पुलिस का मूवमेंट नहीं दिखा। जाम में फंसे लोगों के पसीने छूट गए।
चौपुला चौराहा: दोपहर 1.40 बजे
शहर का प्रमुख चौराहा चौपुला दिन भर जाम की गिरफ्त में रहा। आम दिनों के मुकाबले वाहन और भीड़ ज्यादा थी। इससे चौराहे से लेकर सिटी स्टेशन तक रोड जाम था। जाम में कई एंबुलेंस, कई स्कूल बसें भी फंसी थीं। बाइक सवारों ने आड़ी तिरछी जगह से बाइक निकालने की कोशिश की तो जाम और लग गया। घंटों यहां जाम के हालात बने रहे। ट्रैफिक पुलिस एक जगह खुलवाती तो दूसरी जगह जाम लग जाता था।
शाहदाना चौराहा: दोपहर 1.50 बजे
यहां हमेशा की तरह ई रिक्शा और ऑटो चौराहा घेरे खड़े थे। चौराहे पर बारादरी थाना साइड के ओवरब्रिज पिलर के नीचे एक साथ कई ई रिक्शा लगाए गए थे तो जोगी नवादा और मठ की चौकी की ओर जाने वाले रोड पर भी वाहन बेतरतीबी से लगे थे। इससे आनेजाने वाले राहगीरों को समस्या हो रही थी।
शाहदाना वली दरगाह गेट: दोपहर 1.55 बजे
मजार के बाहर ओवरब्रिज के नीचे के हिस्से को दुकानदार पार्किंग स्टैंड तो पहले से ही बना चुके हैं। वे अपनी दुकानों का काफी सामान भी यहां रखते हैं। अब फूलों से लेकर प्रसाद तक की दुकानें यहां जमा ली गई हैं। इससे आम राहगीरों के साथ ही दरगाह में आने जाने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही थी।
श्यामगंज चौराहा: दोपहर 2.00 बजे
चौराहा तो आम दिनों के मुकाबले खाली था पर श्यामगंज चौकी साइड का पूरा रोड टेंपो और ई रिक्शा के हवाले था। लोगों को देखते ही ई रिक्शा वाले उन्हें खींचकर अपने वाहन में बैठाने की कोशिश में लगे थे। चौकी पर पुलिस भी थी पर इन वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवाने की कोशिश नहीं की गई।
जिला अस्पताल रोड: दोपहर 2.10 बजे
जिला अस्पताल रोड पूरी तरह ई रिक्शा, टेंपो वालों और अवैध दुकानदारों के कब्जे में था। सड़क के दोनों ओर बढ़ाकर दुकानें लगा रखी थीं। कपड़ों से लेकर जूते तक बिक रहे थे। इंदिरा मार्केट के पूरे गेट को ही अस्थाई दुकानदारों ने बंद कर रखा था। जिला अस्पताल गेट से निकल रही एंबुलेंस तक को जाने का रास्ता नहीं मिल रहा था।
‘शहर में जाम की समस्या खत्म करने में ट्रैफिक पुलिस पूरे जीजान से जुटेगी। अब स्टाफ की भी कमी नहीं है। प्वाइंट चिह्नित कर योजनाबद्ध तरीके से काम होगा। मैं आज बाहर हूं। लौटकर इस समस्या को जड़ से दूर करने की कोशिश करूंगा।’
- एससी गंगवार, एसपी ट्रैफिक