बरेली। बृहस्पतिवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय की सेमेस्टर, प्रोफेशनल कोर्स के अलावा तीन कोर्स की प्रवेश परीक्षाएं और वेटनरी की प्रवेश परीक्षा भी होगी। बरेली और बिजनौर जिले में बनाए गए नौ केंद्रों पर इन परीक्षाओं में करीब सात हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। पिछले साल बीएलएलएड की प्रवेश परीक्षा में मुन्ना भाई पकड़े जाने के चलते इस बार निगरानी कड़ी रहेगी।
पहली परीक्षा बरेली कॉलेज में गुरुवार सुबह 8-11 बजे के बीच होगी। बरेली कॉलेज में इसके प्रभारी बनाए गए डॉ. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि वेटनरी के इस प्री एग्जाम में 980 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा मथुरा से आए कोआर्डिनेटर डॉ. संजीव पाठक की निगरानी में होगी। बृहस्पतिवार को ही बीएलएड, बीपीएड और एमफिल की प्रवेश परीक्षा भी होगी। सुबह 10-12 बजे के बीच होने वाली बीएलएड की परीक्षा में 5021 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके लिए बिजनौर में वर्धमान कॉलेज और बरेली में बरेली कॉलेज, विश्वविद्यालय कैंपस, केसीएमटी, राजश्री और मस्कॉट कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 10-11 बजे के बीच विश्वविद्यालय कैंपस में होने वाली बीपीएड की प्रवेश परीक्षा में 320 अभ्यर्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय कैंपस में ही पूर्वाह्न 11 से दोपहर एक बजे तक होने वाली एमफिल की परीक्षा में 125 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एक साथ इतनी परीक्षाओं के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं।