बरेली। बीडीए ने बुधवार को अवैध निर्माण कार्यों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पीलीभीत बाईपास बन रहे साईं सुखदा हॉस्पिटल को नक्शा के खिलाफ निर्माण कराने के साथ यहां अग्नि सुरक्षा के मानक भी पूरे न होने पर सील कर दिया। बीडीए अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को अग्निशमन अधिकारी की ओर से उन्हें पत्र लिखा गया था कि इस अस्पताल में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया है। इससे अस्पताल शुरू होने के बाद कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
साईं सुखदा अस्पताल पीलीभीत बाईपास पर पासपोर्ट ऑफिस के पास बन रहा है। इस अस्पताल का निर्माण काफी हद तक पूरा हो गया है। हाल ही में लिंटर भी डाल दिया गया था। अब अस्पताल में फर्श बनने के अलावा फिनिशिंग के थोड़े-बहुत काम बाकी रह गए थे। बुधवार को बीडीए की टीम ने यहां पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया। बीडीए के अधिकारियों ने बताया कि इस अस्पताल का निर्माण भी बीडीए से स्वीकृत नक्शे के अनुरूप भी नहीं हो रहा था। अग्निशमन विभाग से एनओसी भी नहीं ली गई थी। बीडीए अधिकारियों के मुताबिक इसी ग्रुप के एक अस्पताल में कुछ साल पहले अग्निकांड में दो लोगों की मौत हो गई थी। सेटबैक पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है। इस कारण सुरक्षा मानकों और प्राधिकरण के नक्शे का अनुपालन न होने पर अस्पताल को बीडीए की टीम ने पहुंचकर सील कर दिया है।
मेरे अस्पताल का नक्शा पास है। बिल्डिंग अभी निर्माणाधीन है इसलिए अग्निसुरक्षा उपाय का न होने का आरोप गलत है। बीडीए ने जिन दो आरोपों के तहत कार्रवाई की है वह भी अनुचित है। मैंने मौके पर अभिलेख भी दिखाए थे। इसके अलावा यदि कोई कमी है तो उसे पूरा किया जाएगा। - डॉ. शरद अग्रवाल, साई सुखदा अस्पताल