बरेली। हजियापुर में संपवेल खराब होने से बगैर बारिश हुए ही सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है। पार्षद की शिकायत के बाद मेयर ने इस पर नाराजगी जताते हुए जलकल महाप्रबंधक, मुख्य अभियंता निर्माण और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी कर तत्काल संपवेल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। तीनों अफसरों को चेतावनी भी दी है कि अगर निर्देश के बाद भी समस्या का निपटारा न हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर लिखापढ़ी कर दी जाएगी।
पार्षद रहीस मियां अब्बासी ने पिछले दिनों संपवेल खराब होने से हजियापुर और संजयनगर के कई इलाकों में जलभराव होने की शिकायत की थी। उन्होंने शिकायत में कहा था कि पानी की निकासी का एकमात्र साधन संपवेल ही है जिसके बंद होने से पानी की निकासी बंद हो गई है और नाली-नालों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में भर गया है। कई जगह हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। संपवेल का गेट भी साल भर से खराब पड़ा हुआ है। मेयर ने इसके बाद अधिकारियों को नोटिस जारी कर तत्काल समस्या का निस्तारण करने का आदेश दिया है। नोटिस में कहा है कि पिछले साल बारिश में कई इलाकों में स्थिति बेकाबू हो गई थी। लोगों को ट्रैक्टर तक से आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। इस बार तो भीषण गर्मी में सड़कों पर पानी भरा हुआ है तो जाहिर है कि बरसात के मौसम में हालात और ज्यादा भयावह होने वाले हैं। संजय नगर नाले का निर्माण भी सुस्त रफ्तार से कराया जा रहा है। मेयर ने चेतावनी दी है कि अगर अबकी बार हालात बिगड़े तो अधिकारी खुद जिम्मेदार होंगे। वे कोई सुनवाई करने के बजाय सीधे शासन स्तर से कार्रवाई को पत्र लिखेंगे।
अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। कुएं का गेट साल भर से टूटा है और संपवेल की मोटर खराब है। अगर हालात बिगड़े तो अधिकारियों के खिलाफ शासन स्तर से कार्रवाई की संस्तुति करेंगे।
- डॉ. उमेश गौतम, मेयर