शाहजहांपुर। किसानों के मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) की ओर से जिला मुख्यालय पर बुलाई गई पंचायत और पुलिस अधिकारियों के घेराव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं के वाहन का चालान काटे जाने पर बवाल हो गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने अंटा चौराहा पर धरना देकर रोड जाम कर दिया। इससे लंबा जाम लग गया। हालांकि अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को शांत कराकर जाम खुलवाया।
सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाए भू माफियाओं पर कार्रवाई और यूनियन कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी एफआईआर रद्द किए जाने आदि मांगों को लेकर संगठन के जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव ने सोमवार को किसान पंचायत बुलाकर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम तय किया था। पुलिस अधिकारियों के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जलालाबाद क्षेत्र के कार्यकर्ता वाहन से आ रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे अंटा चौराहा से वाहन गुजरा तो वहां ड्यूटी दे रहे एक दारोगा ने वाहन ओवरलोड देख उसे साइड में खड़ा कराने के साथ चालान काट दिया।
इसी बात से तमतमाए कार्यकर्ताओं ने रोड पर बैठकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में सूचना पाकर वहां अन्य तमाम यूनियन कार्यकर्ता भी पहुंच गए। चौराहे पर भीड़ जमा होने से जेल रोड समेत बिसरात मार्ग और अंजान चौकी मार्ग पर सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। जाम की सूचना पाकर वहां सीओ सिटी महेंद्र पाल सिंह भी थाना सदर बाजार कोतववाली के प्रभारी निरीक्षक किरन पाल सिंह के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने वाहन का चालान रद्द कराने का आश्वासन देकर चौराहे पर यातायात सुचारु कराया। सदर इंस्पेक्टर के अनुसार मरीज ले जा रही एक एंबुलेंस को रास्ता देेने के वाहन रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने उसे रोड से हटाने से मना कर दिया और इसलिए एमवी एक्ट के तहत वाहन का चालान किया गया।
घेराव किए जाने पर अधिकारियों ने डीएम से कराई वार्ता
शाहजहांपुर। अंटा चौराहा पर जाम लगाकर लौटे भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर पुलिस कार्यालय जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। उस वक्त एसपी डॉ. शिवा सिम्मी चन्नप्पा कार्यालय में नहीं थे, लेकिन वहां मौजूद मिले एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी और एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य का घेराव कर लिया। अधिकारियों के घेराव की जानकारी पाकर सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह भी पुलिस कार्यालय पहुंच गए।
भाकियू के जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव ने आयुक्त के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर कहा कि सदर तहसील की ग्राम पंचायत पिपरौला अहदपुर के राजस्व ग्राम धरनीधरपुर में ग्राम समाज और यूपीएसआईडीसी की सैकड़ों बीघा जमीन पर भूमाफिया कब्जा जमाए हैं। वहां के लेखपाल ने भी काफी भूमि कब्जा रखी है, लेकिन कई बार शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई किए बगैर भू माफियाओं को फसल कटवा दी गई। उन्होंने जलालाबाद के ग्राम कोना याकूबपुर निवासी यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं गांव के प्रधान श्याम किशोर फौजी पर पूर्व प्रधान पति द्वारा प्राणघातक हमले के मामले में एनसीआर दर्ज किए जाने पर भी कड़ी नाराजगी जाहिर की।
सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं को लेकर आगे आंदोलन नहीं करना पड़ेगा। भरोसा दिलाने के लिए अधिकारियों ने भाकियू पदाधिकारियों की डीएम अमृत त्रिपाठी से उनके कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में भेंट वार्ता भी कराई। डीएम ने भी सभी प्रकरण प्राथमिकता से निस्तारित कराने को आश्वस्त किया। इस मौके पर यूनियन के जिला महासचिव राशिराम वर्मा, प्रेम कुमार सिंह, जयपाल सिंह, लालाराम गुप्ता, संतोष कुमार यादव आदि मौजूद रहे।