बरेली। जिले में गरीबों को राशन वितरण अब सिर्फ पीओएस (प्वाइंट आफ सेल) मशीनों से होगा। सभी दुकानों पर मशीनें उपलब्ध करा दी गईं हैं। अब तक यह मशीनें शहरी दुकानों पर लगी थीं अब ग्रामीण इलाकों की दुकानों पर भी इन्हें लगा दिया गया है।
लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही सभी विभागों में समीक्षा शुरू हो गई है। खाद्य आयुक्त ने प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में साफ कहा कि राशन का शत प्रतिशत वितरण पीओएस मशीनों से ही किया जाए। अगर कोटेदार इसका पालन नहीं करेंगे तो उनकी दुकानें निरस्त होंगी। प्रमुख सचिव खाद्य ने भी परिपत्र जारी कर कहा है कि सभी कोटेदारों के कार्य की समीक्षा कर ली जाए।
खाद्य विभाग ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा भी की, इसमें रेटिंग तय कर टॉप टेन जिले चुने गए। इसके तहत बरेली भी टॉप टेन सूची में शामिल हो गया है। यह भी कहा गया कि जून से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का समीक्षा सख्ती से होगी। बरेली जिले में करीब 18 सौ ग्रामीण और शहरी दुकानें हैं। इन सभी दुकानों पर पीओएस मशीनें उपलब्ध करा दी गईं हैं।
पेट्रोल पंपों पर भी होगी सख्ती
पेट्रोल पंपों पर होने वाली घटतौली और मिलावट रोकने के लिए अगले माह से सघन अभियान चलेगा। प्रदेश स्तर पर इसकी प्लानिंग होने लगी है। बताया जाता है कि कुछ पंपों पर नई डिवाइस लगी हैं, इनसे होने वाली घटतौली पकड़ना मुश्किल है। क्योंकि डिलीवरी मशीनों में पेन ड्राइव इस्तेमाल होने लगी हैं। दो वर्ष पहले प्रदेश में चिप लगाने का भंडाफोड़ हुआ था। बरेली जिले में भी कुछ पंप चिप लगाने के आरोप में पकड़े गए थे।