शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव निपटने के बाद नगर निगम ने महानगर में फिर से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को नगर आयुक्त विद्या शंकर सिंह के निर्देश पर लकड़ी मंडी में अतिक्रमण हटवाया गया। यहां अतिक्रमण हटवाने के लिए निशान भी लगवाए गए।
लकड़ी मंडी को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान काफी समय से चल रहा है। यहां रोड को 45 फीट चौड़ा किया जाना है। पिछले महीनों नगर निगम ने अतिक्रमण हटवाना भी शुरू कर दिया था। बाद में लोकसभा चुनाव आने की वजह से अभियान धीमा हो गया। कई स्थानों पर फिर से अतिक्रमण कर लिया गया। शनिवार को नगर निगम की टीम ने पुलिस के साथ लकड़ी मंडी में रोड के दोनों ओर 20-20 फीट जगह खाली कराने के लिए निशान लगाए गए। जेसीबी से कई स्थानों पर अतिक्रमण भी हटाया गया। इधर, प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता समेत वेद प्रकाश गुप्ता, राजू बग्गा आदि ने रोड चौड़ी करने के दौरान अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापारियों की सुविधा की बात भी नगर आयुक्त के सामने रखी। व्यापारियों की सहमति के बाद ही निशान लगाए गए।