बरेली। जिले में फैल्सीपेरम मलेरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। इससे पीड़ित बिथरीचैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तिरकोनिया निवासी ओमप्रकाश को शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति गंभीर है। इससे पहले फैल्सीपेरम मलेरिया की चपेट में आए दो पीड़ितों का उपचार जिला अस्पताल में हो चुका है। इसके साथ ही जिले में मिले फैल्सीपेरम मलेरिया पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है।
कुंवरसेन ने बताया कि बड़े भाई ओमप्रकाश को पांच दिन पहले बुखार आने पर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार और जांच में ओमप्रकाश को फैल्सीपेरम मलेरिया होने की पुष्टि के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसकी दशा गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। जिसके बाद परिवार वाले शुक्रवार दोपहर उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने उसे मलेरिया वार्ड में शिफ्ट कर उसका उपचार शुरू कर दिया। सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने बताया कि ओमप्रकाश को फैल्सीपेरम मलेरिया है, उसकी हालत गंभीर है। सीएमएस ने बताया कि मरीज के खून की और जांचें कराई जा रही हैं। उपचार जारी है। उसका सिटी स्कैन भी कराया गया है। मलेरिया का असर दिमाग में पहुंच जाने से वह बेहोशी की स्थिति में है।