बरेली। मतगणना के दौरान एसी में बैठे तमाम अफसरों की शुक्रवार को भी खुमारी नहीं उतरी। इसके चलते मतगणना के अगले दिन भी वे कार्यालयों में नहीं पहुंचे, जिसके चलते वहां सन्नाटा पसरा नजर आया।
बृहस्पतिवार को परसाखेड़ा में मतदानस्थल पर अफसरों के लिए एसी पंडाल बनाया गया था। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी मुनिराज जी. समेत जिले के तमाम अफसर दिन भर यहीं बैठे थे। इनमें कुछ अफसरों ने पूरे दिन पंडाल से निकलने की जहमत भी नहीं उठाई और कर्मचारी पूरे दिन धूप में परेशान होते नजर आए थे। शुक्रवार को कार्यालय से खुले लेकिन अफसरों की खुमारी नहीं उतरी। कलक्ट्रेट में डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, एडीएम सिटी महेंद्र कुमार के कार्यालय खाली पड़े थे। एसएसपी मुनिराज जी. भी रोजाना की अपेक्षा देर से कार्यालय पहुंचे। विकास भवन में सीडीओ सुबह कुछ देर के लिए पहुंचे थे लेकिन बाद में यहां भी सन्नाटा ही पसरा नजर आया। डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्र भी कार्यालय में मौजूद नहीं थे।