बरेली। परिषदीय और उच्च प्राथमिक स्कूलों के समायोजन में महज बाउंड्री से विभाजित हुए विद्यालयों को समायोजन सूची से बाहर कर दिया गया है। जारी सूची के अनुसार जिले में समायोजन के लिए 760 विद्यालयों का चयन किया गया है। बीएसए तनुजा त्रिपाठी ने बताया कि समायोजन को लेकर शैक्षिक संगठनों ने आपत्ति जताई गई थी, जिसे देखते हुए समायोजन के मानकों में बदलाव किया गया है।
बीएसए ने बताया कि जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक करीब तीन हजार विद्यालय हैं। पूर्व में करीब 17 सौ विद्यालयों के समायोजन का निर्णय लिया गया था। शिक्षक संगठनों ने मिड डे मील बनाने, रसोइया का मानदेय, साफ-सफाई कराने आदि की समस्याएं बताई थीं, जिनके निस्तारण के बाद बाउंड्रीवॉल के संबंध में आपत्ति दर्ज हुई थी। जिले में दो सौ से ज्यादा विद्यालय एक दूसरे से बाउंड्रीवॉल से विभाजित मिले, जिन्हें सूची से हटा दिया गया है। अब नई बनी सूची में 760 विद्यालयों को शामिल किया गया है, जिनके समायोजन के बाद विद्यालयों की कुल संख्या 380 होगी। विद्यालयों को संचालन के संबंध में गाइड लाइंस जारी की जा चुकी हैं। नए सत्र से इसमें शिक्षण कार्य शुरू होगा।