बरेली। बरेली सीट के लिए 2009 में मीरगंज, नवाबगंज और भोजीपुरा क्षेत्रों में भारी वोट काटकर संतोष गंगवार की हार का कारण बने भगवत सरन इस बार गठबंधन से उतरे तो इन इलाकों मेें खुद कोई खास दमखम नहीं दिखा सके। इन विधानसभा क्षेत्रों में उनके वोट तो बढ़े लेकिन संतोष गंगवार को पछाड़ने में नाकाम रहे। जब इन क्षेत्रों की काउंटिंग शुरू हुई तो भगवत बढ़त नहीं बना सके और शिकस्त झेलनी पड़ी।
2009 में सपा से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले भगवत सरन ने नवाबगंज, मीरगंज और भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्रों में बंपर वोट पाए थे। संतोष गंगवार के वोटों में उनकी सेंधमारी ने प्रवीण सिंह ऐरन को जिता दिया। इस बार भोजीपुरा की काउंटिंग के कुछ राउंड छोड़ दें तो ज्यादातर में संतोष गंगवार ही आगे रहे। पहले राउंड में भगवत को 2826 और संतोष को 3611 मिले। दूसरे से छठे राउंड तक संतोष से भगवत पिछड़ते चले गए। दूसरे राउंड में उन्हें 1958, तीसरे में 1856, चौथे में 2193 और पांचवें राउंड में 2046 मत ही मिले जबकि संतोष इन राउंड में तीन से लेकर साढ़े पांच हजार से ज्यादा वोट पाते रहे। आठवें राउंड में भगवत ने कुछ बढ़त बनाइ। उन्हें 4293 और संतोष को 2649 मत मिले। इसके बाद 11 से 15वें राउंड में स्थिति कुछ ठीक हुई लेकिन 17 से 19 राउंड तक फिर झटका खा गए। सभी 31 राउंड में भगवत को 106332 और संतोष को 111799 वोट मिले। मीरगंज में भी भगवत ने पहले राउंड में भारी लीड ली। उन्हें 6250 वोट और संतोष को 1307 मत ही मिले। मगर दूसरे राउंड में संतोष ने 4780 वोट पाए, भगवत को 3465 वोट ही मिले। चार से लेकर दस राउंड तक भगवत भाजपा को पछाड़ नहीं सके। 11वें राउंड में कुछ उछाल आया लेकिन 12 से 25 राउंड में फिर पिछड़ गए। 23वें राउंड में वह काफी पीछे हो गए। इस राउंड में उन्हें 1326 जबकि संतोष को 5296 वोट मिले। यहां भगवत सरन को 72202 और संतोष गंगवार को 119154 वोट मिले। नवाबगंज में भी भगवत भाजपा से 41 हजार से ज्यादा वोट से हार गए। इस क्षेत्र में भगवत की झोली में 68788 वोट आए जबकि संतोष को 110628 वोट हासिल हुए। तीसरे, सातवें, आठवें, 12वें राउंड को छोड़कर सभी 27 चक्रों में संतोष आगे रहे।
2009 में मिले वोट
विधानसभा भगवत सरन संतोष गंगवार
नवाबगंज 28056 44621
मीरगंज 19511 37739
भोजीपुरा 13747 45024