बरेली। कैंट क्षेत्र में ओडीएफ दावे के रिएग्जामिनेशन के लिए मंगलवार देर शाम भारत सरकार के क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) टीम बरेली कैंट पहुंची। टीम ने कैंट के विभिन्न क्षेत्रों और सैन्य ऑफिसर्स और जवानों के क्वाटरों के अलावा कैंट की सीमा पर स्थित इलाकों का निरीक्षण कर गोपनीय रिपोर्ट तैयार की। सूत्रों के मुताबिक टीम को कैंट ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) मिला लेकिन रिहायशी इलाकों और बाजारों में जगह-जगह गंदगी के ढेर मिले। बुधवार शाम को कैंट सीईओ के साथ समीक्षा बैठक कर टीम यहां से रवाना हो गई।
टीम में शामिल प्रियंका दीक्षित के मुताबिक उन्होंने बीआई बाजार, सदर बाजार, बर्डवुड लाइन, चिटपुट लाइन, नकटिया, गोल बाजार, आरए बाजार के अलावा सैन्य क्वाटरों, सरकारी, निजी स्कूलों और रेलवे लाइन के नजदीक पड़ने वाले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कैंट कार्यालय के स्टाफ से दूरी बनाए रखी। बता दें कि कैंट में दूसरी बार ओडीएफ के संबंध में रिएग्जामिनेशन हुआ है। जिसमें कैंट को एक बार फिर ओडीएफ सर्टिफिकेट मिलने की संभावना जगी है लेकिन स्वच्छ भारत मिशन के तहत टॉप टेन रैंकिंग में शामिल होने के लिए लंबा वक्त लगेगा। सूत्रों के मुताबिक टीम को कैंट में जगह-जगह कूड़े का ढेर मिले। नाले-नालियां चोक थे। लोगों से बातचीत करने पर जलजनित रोगों के बाबत अधिकारियों की ओर से कोई प्रयास नहीं होने, फॉगिंग आदि व्यवस्था ठप होने की जानकारी मिली। जिसे टीम ने अपनी रिपोर्ट में शामिल किया है। निरीक्षण के दौरान कैंट बोर्ड जेई एसपी सिंह, सफाई निरीक्षक दीप सक्सेना और अन्य लोग मौजूद रहे।