बरेली। मतगणना के दौरान ड्यूटी में लगाए गए किसी कर्मचारी/अधिकारी या फिर प्रत्याशी/अभिकर्ता की तबीयत अचानक खराब होती है तो उन्हें संभालने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें जरूरी दवाओं के साथ मौजूद रहेंगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार के निर्देशन में यह टीमें कार्य करेंगी।
सीएमओ डॉ. विनय शुक्ल ने बताया कि इसके लिए छह टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में दो डॉक्टर, दो फॉर्मेसिस्ट, एक स्टाफ नर्स शामिल रहेंगे। दो टीमें सुबह छह से दोपहर एक बजे तक, दो टीमें दिन में एक बजे से रात आठ बजे तक रहेंगी। दो टीमें रिजर्व में रहेंगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार को इन टीमों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सीएमओ ने बताया कि टीम के पास पर्याप्त मात्रा में ओआरएस के पैकेट, दवाएं और मरहम पट्टी की व्यवस्था है।