बरेली। सात मई से शुरू हुए बीडीए के शिविरों में 12 अवैध भवनों के कंपाउंडिंग मानचित्र मंजूर होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इनसे बीडीए को लगभग सवा करोड़ कर राजस्व मिला है। 50 नर्सिंग होम संचालकों ने कंपाउंडिंग का आवेदन किया है। इनके मानचित्र अगले एक सप्ताह तक जारी होने की उम्मीद है। दूसरी ओर व्यापारियों ने किसी भी भवन की कंपाउंडिंग के मानचित्र दाखिल नहीं किए हैं।
शहर में रिहायशी इलाकों में चल रहे कामर्शियल भवनों की कंपाउंडिंग के लिए बीडीए ने शहर भर में करीब 650 नोटिस जारी किए हैं। अब तक इनमें से केवल 125 ने ही नोटिस का जवाब भेजा है। बीडीए के नोटिस से भवन मालिकों में खलबली है, लेकिन बीडीए अफसरों का कहना है कि नोटिस देखकर किसी भी भवन मालिक को घबराने की जरूरत नहीं है। अगर किसी के भवन का मानचित्र पहले से स्वीकृत है तो वह नोटिस का जवाब लिखकर भेज दे। उसी से उसकी समस्या हल हो जाएगी। किसी के भवन का रिहायशी नक्शा स्वीकृत है या फिर किसी भवन मालिक ने कामर्शियल कराने के लिए पहले से कोई फीस जमा कर रखी है, वह कंपाउंडिंग में समायोजित की जाएगी। दूसरी ओर 50 नर्सिंग होम संचालकों ने अपने भवनों को कंपाउंड कराने के लिए बीडीए में आवेदन किया है। इनका भी कंपाउंडिंग मानचित्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं व्यापारियों ने किसी भी कामर्शियल बिल्डिंग का मानचित्र दाखिल नहीं किया है।