बरेली। आईवीआरआई क्रॉसिंग के ऊपर रेलवे को ओवरब्रिज का जो हिस्सा बनाना है, वह सिर्फ दो महीने का काम है लेकिन रेलवे अफसरों की लापरवाही से यह काम दो साल से लटका पड़ा है। जिन बीम को पिलर के ऊपर सेट करके लिंटर डालना है, वह दो साल पहले से ही आए पड़े हैं। मगर फिर भी रेलवे अफसर कोई न कोई कारण बताकर काम को टालते आ रहे हैं। उधर, प्रोजेक्ट पूरा न होने से पब्लिक की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
रेलवे क्रॉसिंग पर पुल बनाने के दौरान ट्रेनों का आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए रेलवे के अधिकारियों ने प्लानिंग बनाई थी कि पिलर के ऊपर रेडिमेड बीम रखकर ओवरब्रिज का काम जल्द से जल्द पूरा कर दिया जाएगा। वर्ष 2017 में रेलवे ने बीम भी तैयार कर लिए थे, लेकिन ये बीम पिलर पर नहीं रखे गए। इंजीनियरों का कहना है कि बीम रखने के बाद पुल का बाकी काम पूरा करने में डेढ़ से दो माह का अधिकतम समय लगेगा लेकिन रेलवे के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह काम बीच में ही लटका है। वहीं रेलवे के अफसर देरी का ठीकरा ठेकेदार पर डाल रहे हैं।
अंडरपास बनाने में फिर आई सुस्ती
आईवीआरआई रेलवे क्रासिंग पर पुल के बजाय अभी केवल अंडरपास बनाने का ही काम चल रहा है। करीब माहभर पहले इस काम ने गति पकड़ी थी। रेलवे अस्पताल की तरफ सीसी रोड का निर्माण भी तेजी से पूरा कराने की कोशिश की गई, लेकिन फिर से अंडरपास का काम एकाएक ठप हो गया। दूसरी ओर के अंडरपास की सड़क बनाने के लिए मिट्टी की खुदाई कर उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया है।
‘सेतु निगम ने आईवीआरआई पर अपना काम पूरा कर दिया है। रेलवे अफसरों की तेजी के बिना इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करना मुमकिन नहीं है।’
- वीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम