स्वास्थ्य विभाग के दावों से इतर जिले में बुखार से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को फरीदपुर, अलीगंज और मझगवां इलाके में बुखार से सात और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़कर 189 हो गई है। बिशारतगंज के मझगवां ब्लॉक के गांव अखा में मंगलवार को 25 वर्षीय पप्पी ने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान ने बताया कि पप्पी को तीन दिन पहले बुखार आया था। हालत में सुधार न होने पर बदायूं रोड स्थिति अस्पताल और फिर पीलीभीत बाईपास स्थितअस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। फरीदपुर में भी बुखार से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। गांव नगरिया कलां निवासी शिवपाल की बेटी गुरुचरन की रात में मौत हो गई। उसे कुछ दिन से बुखार आ रहा था। इसके अलावा ग्राम पचौमी में रामनाथ की बुखार से मौत हो गई । विनोद की आठ साल की बेटी कविता ने भी बुखार से दम तोड़ दिया। गांव में ही रसीद की भी बुखार से मौत हो गई। अलीगंज के गांव राजपुर कलां में दवा व्यापारी दिनेश माहेश्वरी की बुखार से इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अतिरिक्त 65 वर्षीय सिपट्टर सिंह यादव को भी कई दिनों से बुखार आ रहा था। उनकी भी मंगलवार को मौत हो गई।