कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नैनीताल रोड पर अभयपुर यू-टर्न के पास हादसा
भोजीपुरा। नैनीताल मार्ग पर अभयपुर यू-टर्न के पास बहेड़ी की ओर से आ रही कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार सहित उसमें सवार तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार पूर्वान्ह 11 बजे ब्लाक बहेड़ी के ग्राम पंचायत अधिकारी नन्हे खां, अपने चार अन्य साथियों को कार में बिठाकर बरेली धरने में शामिल होने जा रहे थे। अभयपुर यू-टर्न के पास उनकी कार आगे चल रही बाइक से टकरा गई। इससे बाइक सवार भोजीपुरा के गांव घंघोरा घंघोरी निवासी सोमपाल (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची भोजीपुरा पुलिस ने कार चालक ग्राम पंचायत अधिकारी नन्हे खां को उनके दो अन्य साथियों के साथ मौके से पकड़ लिया, जबकि दो लोग चुपचाप खिसक लिए। घायल सोमपाल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर दो बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।