बिल्सी (बदायूं)। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर मंगलवार रात एक अनियंत्रित कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मालपुर ततेरा निवासी नबी हसन (26) पुत्र बाबू खां मंगलवार देर रात खितौरा गांव से दावत खाकर बाइक से लौट रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर कस्बे के मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज निवासी सलीम मोहम्मद और तौफीक आ रहे थे। दोनों बाइक सवार बिजनौर-बदायूं हाईवे पर खैरी गांव के पास पहुंचे थे कि उसी समय तेज रफ्तार से आई टाटा सूमो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नबी हसन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तौफीक और सलीम के मामूली चोटें आईं। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां नबी हसन की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया।