बरेली। कुंभ स्नान की वजह से त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में वेटिंग की स्थिति है, जबकि अब तक ट्रेन में लखनऊ और इलाहाबाद के लिए आसानी से बर्थ रिजर्व मिलती थी। दूसरी ओर ट्रेनें रद्द होने से होली पर घर जाने वालों की भी मुसीबत बढ़ गई है, पंजाब और बिहार जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग तीन सौ को पार कर गई है।
आम दिनों में जंक्शन से सिंगरौली और शक्तिनगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में जगह मिल जाती है, लेकिन कुंभ की वजह से त्रिवेणी एक्सप्रेस में तीन मार्च तक कोई जगह नहीं है। होली पर घर जाने वाले लोगों के अलावा निजी एजेंसियों ने भी बड़ी संख्या में रिजर्वेशन करा रखा है। अब लोगों को वेटिंग का टिकट मिल रहा है, जो होली तक किसी भी स्थिति में कंफर्म नहीं होगा। होली 21 मार्च की है, लोगों ने 17 मार्च से ही रिजर्वेशन करा रखा है। सबसे ज्यादा वेटिंग हावड़ा जाने वाली हिमगिरी, उपासना, दून, सियालदह, दुर्गियाना, बाघ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, श्रमजीवी, अकालतख्त, अर्चना एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में है। यहां वेटिंग का आंकड़ा तीन सौ के पार जा चुका है। लोग मायूस हो गए हैं आखिर होली घर कैसे जाएंगे। अब लोगों के पास रोडवेज बस या टैक्सी का ही विकल्प शेष रह गया है। दूसरी ओर लोगों को अब होली पर स्पेशल ट्रेनें चलने का इंतजार है, जिसकी घोषणा अब तक रेलवे ने नहीं की है। दिल्ली जाने के लिए अभी थोड़ी राहत है। इंटरसिटी और आला हजरत एक्सप्रेस में बर्थ मिलने की संभावना है। जिसके लिए लोगों ने अभी से रिजर्वेशन कराना शुरू कर दिया।
किसान एक्सप्रेस हुई रद्द
बरेली। धनबाद से लुधियाना जाने वाली किसान एक्सप्रेस को अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन के रद्द होने की सूचना मेसेज से भेज दी, लेकिन साधारण कोच के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वह टिकट वापस करके दूसरी ट्रेन से पंजाब की ओर रवाना हुए।