बरेली। नगर पंचायत सेंथल में उपकरण खरीद से लेेकर सड़क और नाली निर्माण तक में हुए करोड़ों के घपले की जांच भी पूरी हो गई। मगर, टीएसी ने जांच रिपोर्ट प्रशासन को नहीं उपलब्ध कराई। संबंधित अधिकारी को आख्या न भेजने और जांच रिपोर्ट दबाने पर एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार पांडेय ने टीएसी से जवाब मांगा है, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।
नगर पंचायत सेंथल में सड़क और नाली निर्माण के अलावा सफाई के कामों समेत उपकरण खरीद में वहां के स्थानीय बाशिंदों ने घपले के आरोप लगाए थे। इसी तरह का शिकायती पत्र 21 जून 2017 को भी प्रशासन को दिया गया था। प्रशासन ने आरोपों की जांच टीएसी से कराई थी। टीएसी ने किस काम की कहां तक जांच की। जांच पूरी हुई या अधूरी रह गई। इसकी कोई भी आख्या प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई। सेंथल के शिकायतकर्ताओं ने जांच रिपोर्ट दबाने का भी आरोप लगाया था। एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार पांडेय ने टीएसी को पत्र लिखकर तीन दिन में आख्या मांगी है।