बरेली। इलाहाबाद हाईकोर्ट के मीडिएशन सेंटर में निदा खान और उनके शौहर शीरान रजा खां के बीच चल रही सुलह की कोशिशों पर विराम लग गया है। निदा की अपील पर मीडिएशन को खारिज करते हुए फाइल कोर्ट में भेजने का निर्देश दिया गया है। अब कोर्ट में ही मुकदमा आगे बढ़ेगा।
निदा और शीरान की शादी होने के एक महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। मारपीट और घर से निकालने के आरोपों के बीच कुछ समय बाद ही मामला थाने और फिर अदालत में पहुंच गया। पिछले दिनों यह मामला हाईकोर्ट में पहुंचने के बाद वहां के मीडिएशन सेंटर में इसी सात जनवरी को दोनों के बीच सुलह समझौता कराने की पहल शुरू हुई। 21 जनवरी की तारीख पर दोनों लोग पहुंचे। यहां शीरान ने कथित तौर पर समझौते के हालात बनाने के लिए बिना हलाला निदा को दुबारा साथ रखने की पेशकश की। बताया जाता है कि मीडिएशन सेंटर ने शीरान से इसके लिए हलफनामा मांगा तो शीरान ने हलफनामा देने के लिए एक और तारीख की मांग की जो 28 जनवरी तय कर दी गई।
सोमवार को इस तारीख पर निदा तो इलाहाबाद पहुंचीं लेकिन शीरान रजा नहीं पहुंच पाए। बताया जाता है कि मीडिएशन सेंटर के काउंसलर ने शीरान को फोन किया तो उनके बजाय उनके भाई इकान रजा खां ने बात की। उनके न पहुंचने का संतोषजनक कारण न बता पाने पर काउंसलर ने उनसे कहा कि वह रिपोर्ट लगाकर इस मामले को अपने यहां रद्द कर इसकी फाइल को कोर्ट में भेज रहें हैं। क्योंकि तीसरी तारीख शीरान के कहने पर ही दी गई थी। निदा का कहना है कि उन्होंने सेंटर पर शीरान की ओर से मीडिया में दिए गए बयान को पेश करते हुए अपने पक्ष में कहा कि यहां शीरान साथ रखने की बात कह रहे हैं लेकिन बरेली में मीडिया को दिए बयान में उन्हें साथ रखने से इंकार किया है।
पांच धाराओं पर होनी थी सुलह
निदा और शीरान के बीच चल रहा जो मुकदमा हाईकोर्ट के मीडिएशन सेंटर में पहुंचा था, उसमें पांच धाराओं पर सुलह समझौता होना था। इसमें 498 के तहत दहेज उत्पीड़न, 313 के तहत मिस कैरेज, 452, 323 के तहत घर में घुस कर मारपीट और 506 के तहत जान से मारने की धमकी का मामला है।
निदा आज खोल सकती हैं शीरान के राज
इलाहाबाद हाईकोर्ट में मीडिएशन रद्द होने के बाद निदा खान ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। माना जा रहा है कि निदा इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शीरान से जुड़े कुछ राज खोल सकती हैं। बताया जा रहा है कि शीरान ने हाईकोर्ट के मीडिएशन सेंटर में एक साधारण कागज पर लिखकर दिया था कि वह निदा को बगैर हलाला के दोबारा साथ रखने को तैयार हैं। निदा ने यह कागज हाईकोर्ट से हासिल कर लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह इस कागज को सार्वजनिक कर शीरान को शरई तौर पर घेर सकती हैं।