बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर शुक्रवार को पूरे दिन निगम की टीमें दौड़ती रहीं। सर्किट हाउस से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक मुख्यमंत्री के आने का पूरा रूट साफ किया गया। प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह ने भी तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री 30 दिसंबर को शाहजहांपुर और फिर बरेली आ रहे हैं। यह सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह से ही निगम की टीमें सक्रिय हो गईं। अतिक्रमण दस्ते को सर्किट हाउस से एयरफोर्स स्टेशन पर अवैध होर्डिंग-बैनर आदि हटाने के लिए लगाया गया और पूरे दिन यही काम चलता रहा। इसी तरह पीलीभीत बाईपास पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय के आसपास सड़क के दोनों ओर पड़ा कूड़ा साफ कराया गया। साथ ही डिवाइडर और सड़क किनारे की झाड़ियां काटकर सफाई कराई गईं। प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अब्बास अली अंसारी ने मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। प्रभारी नगर आयुक्त ने सर्किट हाउस से एयरफोर्स स्टेशन तक एवं विकास भवन रोड पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और इसकी निगरानी के निर्देश दिए हैं।