बरेली। गांधी उद्यान में स्वच्छता अभियान को लेकर आयोजित रैली में ही जागरूकता नजर नहीं आई। कार्यक्रम स्थल पर ही खाना खाने के बाद लोगों ने खाली डिब्बे एवं जूठन पूरे ग्राउंड में बिखरा दी, जबकि गांधी उद्यान में जगह-जगह डस्टबिन भी रखे हुए हैं। मगर लोगों को स्वच्छता का सबक कार्यक्रम के बाद ही याद नहीं रहा। ऐसी ही स्थिति रैली के दौरान स्वागत को लेकर रही। स्वागत करने वालों ने जगह-जगह स्टाल लगाकर फूल बरसाए। इसके बाद यह फूल सड़क पर पड़े लोगों के पैरों तले कुचलते रहे।
संगठनों ने भी दिखाया उत्साह
कार्यक्रम में महिला जागृति मंच की अध्यक्ष डॉ. मनु नीरज और कई स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी पहुंचीं। एकता समाज सेवा मंच के सलीम सुब्हानी, मिशन मार्केट के जफर अब्बास नकवी, राकेश चोपड़ा आदि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के विजय कुमार उर्फ मन्नू, राजेश एवं सुरेश शिंदे ने संविदा सफाई कर्मियों को नियमित करने की मांग की।