बरेली। आल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के आह्वान पर बरेली रेलवे जंक्शन के स्टेशन मास्टरों ने शनिवार को भूखे रहकर ड्यूटी की। स्टेशन मास्टर लंबे समय से आठ घंटे ड्यूटी, पुरानी पेंशन बहाली और घर के पास तैनाती की मांग कर रहे हैं लेकिन न तो रेलवे बोर्ड उनकी मांगों पर कोई ध्यान दे रहा है और न ही सरकार उनकी सुन रही है। स्टेशन मास्टरों की भूख हड़ताल के दौरान हालांकि ट्रेनों के संचालन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई। जंक्शन पर जुनैद खान, एसके सिन्हा, मुकेश वर्मा, रविंद्र कुमार, मुकेश यादव आदि स्टेशन मास्टरों ने भूखे रहकर ट्रेनें चलवाईं। बरेली शाखा के सचिव अंकुर शर्मा ने बताया कि मांगें पूरी न हुईं तो अगले चरण में आरपार की लड़ाई होगी। स्टेशन मास्टरों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।