बार काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीकृत वकीलों की डिग्रियों की सच्चाई परखने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में सत्यापन के लिए इनकी डिग्रियां भेजी हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में भी कई हजार डिग्रियां सत्यापन के लिए आई हैं, जिनका सत्यापन भी शुरू हो गया है। प्रदेश में 1.70 लाख डिग्रियों का सत्यापन कराया जाना है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की लॉ की डिग्री फर्जी निकलने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीकृत सभी वकीलों की डिग्रियों का सत्यापन कराए जाने का आदेश जारी किया था। जिम्मेदारी देश के सभी प्रदेश के बार काउंसिल को दी गई कि वो अपने यहां पंजीकृत वकीलों की डिग्री का संबंधित विश्वविद्यालयों से सत्यापन कराएं। उत्तर प्रदेश में 3.25 लाख वकील बीसीआई में पंजीकृत थे। जब इनके डाटा की स्क्रीनिंग हुई तो संख्या 1.70 लाख ही रह गई। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के एक पदाधिकारी के अनुसार, काफी बुजुर्ग वकीलों की मृत्यु हो चुकी है, कई जज बन गए तो कई दूसरी नौकरियों में चले गए। अब 1.70 लाख पंजीकृत वकील हैं। पूरे देश में 17 लाख वकील पंजीकृत थे, जिनकी संख्या अब 12 लाख है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से भी कई हजार लॉ की डिग्री लेकर बीसीआई में पंजीकृत हैं। विवि में इनका सत्यापन शुरू हो गया है।
दिल्ली में आप सरकार के कानून मंत्री की फर्जी डिग्री का मामला सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल में पंजीकृत वकीलों की डिग्रियों का सत्यापन करा रहा है। अब तक यूपी में 17 फर्जी डिग्री के मामले सामने आए हैं। - शिरिष मेहरोत्रा, पूर्व उपाध्यक्ष बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश
बार काउंसिल से डिग्रियां सत्यापन के लिए आई हैं। सत्यापन कराकर जल्द भेज दी जाएंगी। -एके अरविंद, कुल सचिव रुहेलखंड विश्वविद्यालय