अफसरों ने मौके पर जाकर की जांच
- फोटो : संवाद
बरेली के ब्लॉक मझगवां के ग्राम अनिरुद्धपुर में स्थित गोशाला में बुधवार को 15 गाय मृत तो आठ गोवंश मरणासन्न हालत में मिले। गड्ढे में मिले गोवंशों के शवों को कुत्ते नोच रहे थे। सूचना मिलते ही बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंच गए। दयनीय हालत देखकर हंगामा कर दिया। कुछ देर बाद बरेली से एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एसडीएम आंवला विदुषी सिंह, क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार पहुंच गए। अधिकारियों ने अव्यवस्था और लापरवाही को देखकर नाराजगी जताई। खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार शर्मा को पशु चिकित्साधिकारी नरेश कुमार, ग्राम प्रधान दिनेश कुमार, सचिव शिप्रा सिंह व सात केयरटेकरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गोशाला में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने थाने में खड़ा करा लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला में कई दिनों लापरवाही बरती जा रही है। यहां गोवंशों की मौत के बाद उनके शव को यहां खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर गड्ढों में फेंकवा दिया जाता था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 25 गायों को गड्ढों में दफनाने का दावा किया है। एडीएम ई, एसडीएम व अन्य अधिकारियों ने बीडीओ को गोवंशों को ठंड से बचाव के लिए तिरपाल की व्यवस्था, पशु चिकित्साधिकारी को बीमार पशुओं के इलाज करने के निर्देश दिए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मृत गोवंशों की हड्डियों की यहां से तस्करी की जा रही है, जो जानवर यहां मृत हो जाते हैं। उनकी खाल और हड्डी यहां से ले जाकर बाहर बेच दी जाती है।
22 लाख रुपये की लागत, जगह-जगह गड़बड़ी
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस गोशाला पर सरकार ने करीब 22 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन गोशाला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यहां साफ सफाई न होने के कारण पूरा गोशाला गंदगी से पटा हुआ है। चारे के नाम गोवंशों को सिर्फ सूखी कुट्टी (चारा) ही मिलता है। यहां पंचायत सहायक द्वारा दैनिक चारा उपभोग रजिस्टर तक नहीं भरा गया है। पानी के टैंक में भी गंदगी पाई गई। यहां जानवरों को ठंड से बचाने व प्रकाश का कोई ठोस इंतजाम नहीं है। लोगों ने बताया कि इस गोशाला में 365 गोवंश रजिस्टर में दर्ज हैं, जबकि मौके पर 300 भी नही हैं।
एडीएम ई ने जांच के दिए निर्देश
एडीएम ई पूर्णिमा सिंह ने बताया कि गोशाला की हालत दयनीय मिली है। इसमें जांच बैठा दी गई है। एसडीएम जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगी। उसी के अनुसार जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।