बरेली। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 128 जयंती रविवार को ‘सामाजिक न्याय दिवस’ के रूप में मनाई गई। प्रशासन समेत विभिन्न सामाजिक समितियों की ओर से विविध आयोजन कर बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद कर उन्हें नमन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और प्रभात फेरी निकालकर सामाजिक कुरीति को मिटाने कासंदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। कहा, बाबा साहब के किए गए सामाजिक समरसता के कार्य आज भी प्रासंगिक हैं। सम्यक दृष्टि समिति की ओर से पंचशील नगर कॉलोनी में भीम महोत्सव का आयोजन हुआ। महासचिव डॉ. अरु ण कुमार सिंह ने बताया कि विचार गोष्ठी के बाद सांस्कृ तिक कार्यक्रम में प्रतिभावान बच्चों ने प्रस्तुति दी फिर सम्मान समारोह आयोजित हुआ। देर रात डांस ग्रुप ने मन मोहा और गायक कलाकार बदायूं से आए धर्मवीर, बरेली के राजकमल सागर ने मौजूद लोगों को झूमने पर विवश किया। आखिर में प्रगतिशील सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। यहां अध्यक्ष डॉ. राम मनोहर, सुरेंद्र पाल सिंह, ताराचंद चौधरी आदि मौजूद रहे।
शोभायात्रा का आयोजन
भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव समारोह समिति की ओर से कोतवाली स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क से शोभायात्रा निकाली गई। जो पारंपरिक मार्गों से होते हुए वापस जनसभा के साथ समाप्त हुई। अध्यक्ष डीपी सिंह के मुताबिक यात्रा समापन के बाद विचार गोष्ठी व बाबा साहब के जीवन पर आधारित गीत प्रस्तुत हुए। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र, विशिष्ट अतिथि डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह रहे। संचालन समिति के स्वागत अध्यक्ष आकाश पुष्कर और संयोजक धीरेंद्र प्रताप सिंह रहे।
निकाली गई प्रभात फेरी
भारतीय बौद्ध धम्म दर्शन सार सोसायटी एवं अनुसंधान केंद्र के तत्वावधान में चंद्रमणि बुद्ध विहार से प्रभात फेरी निकाली गई। शुभारंभ जेआर संत, बौद्ध भिक्षु नागसेन व तिष्यमित्र ने किया। सोसायटी ऑफ डॉ. आंबेडकर फॉलोअर्स की ओर से जाटवपुरा में प्रभात फेरी का आयोजन हुआ। यहां रामाधार ऋषिवाल, विनोद व्यास आदि मौजूद रहे। अखिल भारतीय युवा कोली कोरी समाज की ओर से गांधीपुरम में, बाबा गाडगे सेवा संघ की ओर से मढ़ीनाथ अशोक नगर में कार्यक्रम आयोजित हुए।