बरेली। चार सत्रों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों के लिए बरेली कॉलेज इस बार एकसाथ प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करेगा। इसको लेकर शुक्रवार को बरेली कॉलेज में बैठक हुई और आयोजन की तिथि 28 अप्रैल तय की गई। आयोजन कॉलेज सभागार में होगा।
बता दें कि पूर्व के वर्षों में बरेली कॉलेज हर साल प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन कर उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करता रहा है। मगर 2013-14, 2014-15, 2015-16 एवं 2017-18 के छात्र-छात्राओं के लिए यह आयोजन नहीं हो सका। इसके चलते 28 अप्रैल को कॉलेज सभागार में इन चारों सत्र के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को बरेली कॉलेज में हुई बैठक में फैसला लिया गया। मुख्य अतिथि प्रो. वसीम बरेलवी होंगे। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि आयोजन में 344 उत्कृष्ट स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। ये लोग 63 पदक, पांच पुस्तक पारितोषक और 18 छात्रवृत्तियों के हकदार होंगे। सत्र 2016-17 के विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन 15 अक्तूबर 2018 में होने के चलते नहीं बुलाया गया है। समारोह में एनसीसी, खेल एवं एनएसएस के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित नहीं किया गया है। उनका सम्मान समारोह स्थापना दिवस पर होगा। बैठक में डॉ. पूर्णिमा अनिल, डॉ. शुभ्रा कटारा, डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. अनुराग मोहन भटनागर, डॉ. स्वदेश सिंह, डॉ. वीपी सिंह आदि मौजूद रहे।