बरेली। भारत सरकार की ओर से असंगठित क्षेत्र में रोजगार के आंकड़े एकत्र करने के लिए नेशनल सेंपल सर्वे किया जा रहा है। सांख्यिकी विभाग को मार्च 2017 से मार्च 2019 तक यह सर्वे पूरा करना है। इसके आधार पर ही सरकार बेरोजगारी दूर करने के लिए नीतियां बनाएगी। सांख्यिकी विभाग ने सेंपल सर्वे की समीक्षा की। शनिवार को राजेंद्र नगर स्थित एक होटल में पुनरीक्षण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें अफसरों ने अन्वेषकों की क्षमता विकसित करने के टिप्स दिए। संयुक्त निदेशक और क्षेत्रीय प्रमुख वीपी सिंह ने एकत्रित की जाने वाली सूचनाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की उपयोगिता और आंकड़ों की सटीकता से ही सरकार को बेरोजगारी दूर करने की नीतियां बनाने में मदद मिलेगी। सर्वेक्षण के परिणाम को त्वरित गति से प्राप्त करने के लिए आंकड़ों का संग्रहण पूर्व निर्धारित ई अनुसूची 10.4 की सहायता से एकत्र किया जाएगा। उप निदेशक सुस्मित ने प्रशिक्षण में आए अधिकारियों के प्रश्नों के जवाब दिए। प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी रवि कपूर, आरके जोशी, आरके शर्मा के अलावा बरेली, सीतापुर, मुरादाबाद और सहारनपुर से भी अफसर आए थे।