बरेली। भाजपा की पंचायत सदस्य मंजू देवी के आरोपों की गोपनीय जांच लगभग पूरी हो गई है। जिला पंचायत ने प्रशासन के नोटिस पर अब तक हुए कामों का ब्योरा अफसरों को भेज दिया है। प्रशासन ने जिला पंचायत के जवाब को शासन तक पहुंचा है। अब इन आरोपों पर कार्रवाई कराने की गेंद प्रशासन के पाले में है।
जिला पंचायत में चार साल में कराए गए करोड़ों के कामों में अनियमितताओं और घपले का आरोप लगाते हुए भाजपा की जिला पंचायत सदस्य मंजू देवी के पति मोहन सिंह ने शासन में शिकायत की थी। शासन से जांच के आदेश हो गए। इसके बाद डीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को नोटिस देकर लगाए गए आरोपों पर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा। लंबे समय तक जिला पंचायत की ओर से जवाब नहीं भेजा गया। मगर, प्रशासन ने जब दबाव बढ़ाया तो अपर मुख्य अधिकारी ने नोटिस के आरोपों पर अपना जवाब भेज दिया। अब कार्रवाई की गेंद शासन के पाले में है। भाजपा नेता जिला पंचायत अध्यक्ष पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर जिलाधिकारी से जांच की मांग करते रहे हैं।
डीएम द्वारा भेजे गए नोटिस के आरोपों का बिंदुवार जवाब भेज दिया गया है। कामों में किसी तरह की अनियमितताएं नहीं थीं। फिर भी इसमें प्रत्येक आरोप का जवाब दिया गया है। - संजय सिंह, अध्यक्ष, जिला पंचायत