भीरा थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव के एक युवक ने किन्नरों की टोली पर खुद को जबरन किन्नर बनाने का आरोप लगाया है। मामला तीन महीने पहले का है। पीड़ित युवक का दावा है कि उसे भीरा एवं बिजुआ के दो किन्नरों ने अपनी संगत में रखकर जबरन किसी अंजान जगह ले गए। बाद में उसे बेहोश कर उसका नाजुक अंग काट दिया। यही नहीं होश आने पर उसे तीन महीने तक भीरा के एक घर में बंद कमरे में रखकर इलाज कराया। आरोप लगाने वाले युवक ने रविवार को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी शिकायत की। साथ ही बिजुआ पुलिस चौकी पर प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
भीरा थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी 24 साल के एक युवक ने बिजुआ एवं भीरा किन्नर टोली के मुखिया पर खुद को धोखे से किन्नर बनाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ई-शिकायत के जरिए इंसाफ की गुहार लगाई है, इस सनसनीखेज मामले में न्याय के लिए बिजुआ पुलिस को भी तहरीर दी गई है। दो साल पहले बिजुआ के एक किन्नर टोली के मुखिया ने उसे अपने साथ नेग मंगाने एवं ज्यादा पैसा देने का लालच देकर अपने साथ ले जाने लगा। आरोप है कि तीन माह पहले एक दिन किन्नर मुखिया ने उसे एक पार्टी में ले जाने की बात कही और किसी अंजान जगह ले गए वहां उसे खाने में नशीला पदार्थ दे दिया। जब होश आया तो तीन दिन बीत चुके थे और उसका नाजुक अंग भी काटा जा चुका था। युवक का आरोप है कि उसे वहां से भीरा लाया गया। एक बंद कमरे में तीन माह तक रखकर इलाज भी करवाया गया। साथ ही हर रोज धमकी दी गई कि अगर जुबान खोली तो जान से जाओगे।
इस मामले में प्रार्थनापत्र मिला है, दोनो पक्षों को चौकी पर बुलाया गया है। मामला थाना क्षेत्र का भी नहीं है, फिर भी प्रार्थनापत्र के मुताबिक आरोपों की जांच की जाएगी। - सुनीत कुमार, चौकी प्रभारी-बिजुआ।