पीलीभीत। शासन से लेकर प्रशासन तक सख्ती के खोखले दावों के साथ शुरू की गई अतिक्रमण मुक्त सड़क बनाने की मुहिम गांधी स्टेडियम रोड तक पहुंचते- पहुंचते पर पस्त हो गई। यहां के प्रतिष्ठान मालिकों की मनमानी के आगे प्रशासन बेबस हो गया। लोगों ने नाली पर पक्का अतिक्रमण करने के साथ ही फुटपाथ के साथ ही आधी सड़क को ही पार्किंग में तब्दील कर दिया। इस समय त्योहार का सीजन है। सड़क का दायरा कम होने के कारण अक्सर घंटों जाम लग जाता है।
थाना सुनगढ़ी से लेकर गौहनिया चौराहा तक एक किलोमीटर की इस सड़क पर बैंक और कई अस्पताल हैं। इसके अलावा कई दुकानें भी हैं। खास बात यह है कि भवन स्वामियों ने नालियों तक पर कब्जा कर लिया है। सेट बैंक तो छोड़ा नहीं बल्कि छज्जा भी सड़क पर निकाल दिया है। दुकानदार भी सामान पटरियों पर रखकर कब्जा कर लिया है। अतिक्रमणकारियों की मदद भी पुलिस कर रही है। सबकुछ देखने के बाद भी जिले के आला अफसर भी मौन ही। जबकि बड़े अधिकारी लगभग हर रोज इस मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद इस पर ध्यान नहीं देते हैं।
दिन में कई बार इस मार्ग पर जाम की दिक्कत से राहगीरों को परेशान होना पड़ता है। न तो जाम खुलवाने के लिए समय से ट्रैफिक पुलिस रहती है, न ही अतिक्रमण करने वालों पर नगर पालिका की ओर से कोई कार्रवाई ही की जा रही है। कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। कुछ अतिक्रमणकारियों ने तो अपने प्रतिष्ठानों में अवैध तरीके से वाहन स्टैंड बना दिया है। दबंग लोग पैसा लेकर सड़क पर ही वाहनों की पार्किंग करा रहे हैं। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों से ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।
शहर की अन्य सड़कों की तरह इस मार्ग पर भी प्रशासन की सख्ती सिर्फ छोटे लोगों तक सीमित रह गई। पिछली बार चलाए गए अभियान में सड़क किनारे लगे खोके तो उजाड़ दिए गए, लेकिन बड़े अतिक्रमणकारियों को नजर अंदाज कर दिया गया। इसको लेकर लगातार प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगता रहा है।
03 पीबीटीपी 38
सड़कों पर खड़े बेतरतीब वाहन जाम की अहम समस्या बन रहे हैं। कई बार वह जाम में फंसकर परेशान हुए हैं। इसका स्थायी समाधान जिला प्रशासन के अधिकारियों को करना चाहिए।
करन, मुहल्ला मोहम्मद फारूख
000
03 पीबीटीपी 39
वाहनों को सही ढंग से खड़ा कराया जाय तो जाम की समस्या का समाधान काफी हद तक कम हो सकती है। दुकानदार मनमाने ढंग से अपने ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। अतिक्रमण की समस्या का समाधान होना चाहिए।
मुहम्मद फईम, देशनगर
000
03 पीबीटीपी 40
पिछले दिनों ट्रैफिक सुधार को लेकर बैठक की गई थी। इसमें कई बिंदुओं पर रणनीति बनाई गई थी। इस पर कितना अमल हो सका, इसका बुधवार को बैठक कर समीक्षा की जाएगी।
शीतल वर्मा, डीएम
--------