हरूनगला उपकेेंद्र परिसर में लगे कैंप के दौरान राजेंद्र कन्नोजिया नामक व्यक्ति ने आकर झगड़ा शुरू कर दिया और माइक छीनकर मार दिया। पता चला कि छोटी विहार में एयरटेल मोबाइल फोन टावर कनेक्शन बकायेदारी में काटा गया था, इससे हमलावर नाराज था।
रविवार दोपहर बाद डोहरा गौंटिया निवासी राजेंद्र कन्नोजिया अचानक आया और चिल्लाना शुरू किया कि एसडीओ और जेई कौन है? गुस्साए व्यक्ति ने कैंप संचालन कर रहे वरिष्ठ लिपिक महेश गंगवार से माइक छीन लिया और उनके हाथ पर दे मारा। गंगवार ने काउंटर से नीचे उतर कर हमलावर से बात करने की कोशिश की तो वह फिर भिड़ और हाथापाई कर दी। इससे अफरातफरी मच गयी और पब्लिक भी झगड़ा करने वाले के खिलाफ हो गयी। इस बीच स्टाफ ने 100 नंबर मिलाया, लेकिन कोई रेस्पांस नहीं मिला तब एसएसपी कंट्रोल रूम पर फोन किया। इसके बाद पुलिस कर्मी पहुंचे, रुहेलखंड चौकी प्रभारी ने हंगामा करने वाले को हिरासत में लिया और ले गए।
जानकारी मिलते ही अधिशासी अभियंता जेपीएन सिंह पहुंचे और कैंप में हमला करने वाले से कारण पूछा। हमलावर ने कुछ नहीं बताया। पूरे स्टाफ ने थाना बारादरी में लिखित तहरीर सौंपी है, देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। अधिशासी अभियंता सिंह ने बताया कि छानबीन से पता चला कि छोटी विहार स्थित एयरटेल मोबाइल फोन टावर बकायेदारी में काटा गया था, कैंप में हमला करने वाला टावर की देखभाल करता है। यह एरिया विद्युत वितरण खंड तृतीय में आता है। कनेक्शन की देखभाल करता है। उपकेंद्र स्टाफ ने थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी है।