खिलाड़ियों का टैलेंट देखकर उनको और आगे बढ़ाने के लिए डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्षेत्रीय खेल विभाग की ओर से टैलेंट सर्च प्रतियोगिता शुरू की गई है। शनिवार को इसके तहत हैंडबॉल खिलाड़ियाें की प्रतिभा परखी गई। दो दिन चले मैच का फाइनल खेला गया। बालिका और बालक वर्ग में बेस्ट खिलाड़ियाें को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता एक और दो जुलाई को होनी थी, लेकिन बारिश के कारण इसे टाल दिया गया। बालक वर्ग में 18 टीमों ने, जबकि बालिका वर्ग में छह टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुईं। फाइनल में पहुंची केवी जेआरसी और केवीएनईआर के बीच मैच हुआ। इसमें जेआरसी की टीम ने 25-18 से केवी एनईआर को हराकर फाइनल मैच जीता। वहीं बालिका वर्ग में केवीएस और बीसीबी के बीच मैच हुआ। इसमें बीसीबी ने 16-14 से हराकर मैच जीता।
प्रतियोगिता में बेस्ट खिलाड़ी सरोज गंगवार, मंजीत कुमार रहे। बेस्ट गोलकीपर मंजीत कुमार, साक्षी और चंद्रशेखर रहे। हैंडबॉल प्रशिक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता से खिलाड़ियों में टैलेंट दिख रहा है। इससे इनकी कमी को निखारने में मदद मिलेगी। अन्य खिलाड़ियों में पूजा, निशा, मानसी, मीना, अजय, मंगल, अक्षय, ईशा, मनीषा, हर्ष और मोहित शामिल रहे। इस दौरान आरएसओ मुद्रिका पाठक, डीएसओ शमीम अहमद, अंजना कुमारी, सोनू श्रोतिया, हरसुख, ओपी कोहली व अन्य शामिल रहे।