अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। अरहर सहित अन्य दालों के भाव पर लगाम लगाने के लिए दाल, गल्ला और व्यापारी संगठनों ने एक प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन से मंजूरी ले ली है। इसके तहत शनिवार से वीआईपी दाल अरहर आम उपभोक्ता को 140 रुपये प्रति किलो की दर पर उपलब्ध होगी।
अमर उजाला ने दाल जमाखोरी और कीमतों का मामला उठाया तो गल्ला व्यापारी, मिलर्स एसोसिएशन और उद्योग व्यापार मंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी केएल तिवारी से मिल कर कीमतों पर लगाम लगाने के प्रस्ताव रखे। शनिवार से तीन रिटेल काउंटर खोलने पर सहमति बनी। दाल मिल एसोसिएशन अध्यक्ष संजीव सिंघल और महामंत्री सुरेश जैन ने कहा कि रविवार को श्यामगंज बाजार में अवकाश है इसलिए सोमवार से तादाद बढे़गी। डीएसओ ने बताया कि अरहर की दाल 140, मसूर 80 और चना की दाल 65 रुपये प्रति किलो बिकना तय हुआ है। थोक बाजार के अनुसार रिटेल में भाव संशोधित होते रहेंगे। बैठक में पूर्ति निरीक्षक कुमार सौरभ, अकील खां, व्यापारी नेता महेश कन्नौजिया, राजीव गुप्ता, अनुज सिंघल, आलोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सब्जी और खाद्य आयल भी मिलेगा
उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता और थोक सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजाउर्रहमान का कहना है कि जनता को महंगाई से बचाने के लिए इसी सप्ताह बहुउद्देशीय काउंटर खोलेंगे। व्यापार मंडल ब्रांडेड पैक्ड खाद्य आयल आदि भी थोक दरों पर उपलब्ध कराएगा क्योंकि दीपावली पर वनस्पति की खपत ज्यादा रहती है।
यहां खुलेंगे काउंटर
माधोबाड़ी में ममता स्टोर, नई बस्ती में बलराम शाह की दुकान (मधु आइसक्रीम के पास) और श्यामगंज मिर्च गली में भोलानाथ रामगोपाल प्रतिष्ठान पर ।