बरेली। उत्तराखंड में पंजीकृत और बरेली में परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे वाहनों के खिलाफ बुधवार को परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान 14 टैक्सियों के चालान किए गए। छह को सीज कर दिया गया।
यूपी और उत्तराखंड के टैक्सी चालकों के बीच विवाद को लेकर आए दिन शिकायतें आती रहती हैं। जंक्शन पर भी दो बार टैक्सी चालकों के बीच झड़प हो चुकी है। बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन वैभव श्रोत्रिय, यात्री व माल कर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति और अजीत प्रताप सिंह की टीमों ने जंक्शन, सेटेलाइट बस अड्डा, नैनीताल और पीलीभीत रोड पर अभियान चलाया।
जांच के दौरान उत्तराखंड में पंजीकृत 20 टैक्सी चालक वैध कागजात नहीं दिखा सके। छह वाहनों का संचालन बिना परमिट किया जा रहा था। आरटीओ प्रणव झा ने बताया कि अवैध रूप से संचालित सभी 20 वाहनों के खिलाफ चालान और सीज करने की कार्रवाई की गई है।