बरेली। सिविल लाइंस में ग्लोरी स्वीट्स के पास नाले में वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर का बेटा गिरने के बाद भी निगम के अफसरों की नींद नहीं टूटी। हादसे का कारण बना नाला बंद करने को जब मंगलवार को भी निगम की टीम नहीं पहुंची तो सामने स्थित मार्केट के दुकानदारों ने स्वयं एकजुट होकर नाले को बंद कराने का काम शुरू कराया। नाले पर लोहे का जाल डलवाया गया और थोड़ी दीवार भी उठवाई गई।
बता दें कि सोमवार को वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) गौरीशंकर की पत्नी किरन बेटी श्रेया और पांच वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ ग्लोरी स्वीट्स के पास स्थित गुलशन टेलर की दुकान पर गई थीं। गुलशन टेलर के सामने खुले नाले को पॉलिथीन रखकर चारों ओर से ईंट से दबा दिया गया था। दिव्यांश उस पर चढ़ा तो सीधे नाले में जा गिरा, उसके सिर में काफी चोट आई। सोमवार को यह मामला सभी अखबारों में प्रमुखता से छपा, लेकिन निगम के अफसरों ने नाले को बंद करने की जहमत नहीं उठाई। इसके बाद वहां के दुकानदारों ने ही आपस में चंदा करके नाले पर जाल लगवाया और थोड़ी दीवार भी बनवाई। वहीं, डिप्टी कमिश्नर, वाणिज्यकर गौरीशंकर द्वारा ग्लोरी स्वीट्स के खिलाफ कोतवाली में दी गई तहरीर पर चौकी चौराहा इंचार्ज को जांच सौंपी गई है। इस मामले में कांग्रेस के जियाउर रहमान, महेंद्र सिंह, रामानंद कोली आदि ने मंगलवार को नगर निगम में ज्ञापन देकर टूटे हुए स्लैब जल्दी बंद कराने की मांग की है।
पूरा नाला अतिक्रमण की जद में
सिविल लाइंस में ग्लोरी स्वीट्स के आसपास पूरे नाले पर व्यापारियों ने अतिक्रमण कर रखा है। हर दुकान के बाहर काफी सामान नाले पर पड़े स्लैब रखा गया है। इसके चलते वहां पार्किंग की जगह नहीं बची है और ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होते हैं। मगर इसके बावजूद निगम अफसर कार्रवाई नहीं करते।
मैंने मामले का संज्ञान लिया है। वहां पहले भी बच्चे गिरकर घायल हुए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी को वहां के कब्जे हटाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- सैमुअल पॉल एन., नगर आयुक्त