बरेली। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन फिर शुरू होगा। इसको लेकर शनिवार को कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच ने प्रेसवार्ता की। मंच के जिलाध्यक्ष मुकेश चौहान ने कहा कि सरकार के आश्वासन पर अक्टूबर में होने वाली हड़ताल दो माह के लिए टाल दी गई थी, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ। अब इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा। संयोजक सुनील कुमार जैन ने बताया कि 21 जनवरी को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना दिया जाएगा और फिर 28 जनवरी को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद छह फरवरी से एक सप्ताह तक पूर्ण हड़ताल रहेगी। इस दौरान डॉ. अंचल अहेरी, डॉ. विनोद शर्मा, तापस मिश्रा, इं. विवेक शर्मा, राजेंद्र बरनवाल आदि मौजूद रहे।