बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस बार मेडिकल कॉलेजों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। मेडिकल परीक्षाएं पहली बार डिग्री कॉलेजों में होंगी। 19 जनवरी से शुरू होने वाली एमडी आयुर्वेद और बीएएमएस की परीक्षाओं के सेंटर डिग्री कॉलेजों में बनाए गए हैं। अब विश्वविद्यालय मेडिकल की बाकी परीक्षाओं में भी यही करने की तैयारी में है ताकि पूर्व वर्षों की भांति कोई गड़बड़ी न हो।
पहले मेडिकल की परीक्षाएं उनके कॉलेजों में ही होती थीं। गड़बड़ियां सामने आईं तो स्वकेंद्र खत्म कर दिए गए। इसमें भी आशंका रहती थी कि कॉलेज म्यूचुअल कर लेते हैं। इस बार पूरी थ्योरी ही बदल दी गई। मेडिकल कॉलेजों की परीक्षाएं डिग्री कॉलेजों में कराने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय ने गुरुवार को केंद्रों की सूची भी जारी कर दी। डिग्री कॉलेजों में सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह ने कहा कि स्वकेंद्र खत्म कर दिए हैं। मेडिकल की परीक्षाओं के लिए डिग्री कॉलेजों को सेंटर बनाया है। कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा होगी।
कहां किसका बना केंद्र
- एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, धनवंतरि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फतेहगंज की परीक्षा बरेली कॉलेज में होगी।
- ललित हरि स्टेट पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पीलीभीत की परीक्षा पुष्प इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज एंड हायर स्ट्डीज पीलीभीत में होगी।
- श्री सत्या आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज मुरादाबाद की परीक्षा हिंदू कॉलेज मुरादाबाद में होगी।
- विवेक कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस एंड हॉस्पिटल बिजनौर की परीक्षा वर्धमान कॉलेज बिजनौर में होगी।
- संजीवनी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पलौला अमरोहा, भारतीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज गजरौला जेपी नगर की परीक्षाएं जेएसएच कॉलेज अमरोहा में होगी।