व्हाट्सएप ग्रुप में पार्षद और ठेकेदार के बीच 30 हजार रुपये के कमीशन का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें 30 हजार रुपये का पैकेट पहुंचाने की बात कही गई है। नगर निगम में यह ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल ऑडियो में ठेकेदार पार्षद को फोन करके पूछ रहा है- आप कहां हैं मैं दिवाली की मिठाई लेकर आया हूं। पार्षद ने खुद को जयपुर में बताते हुए मिठाई किराएदार को दे जाने की बात कही। इस पर ठेकेदार ने स्पष्ट किया कि वह उनके क्षेत्र में सड़क बना रहा है। मिठाई के साथ एक पैकेट भी है, जिसमें 30 हजार रुपये हैं। इसके बाद पार्षद ने रुपये किराएदार को ही दे देने को कहा तो ठेकेदार ने हामी भरकर फोन काट दिया। सोमवार को यह ऑडियो नगर निगम से संबंधित कई व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल हुआ तो नगर निगम में चर्चा का विषय बन गया। ऑडियो में पार्षद या ठेकेदार का नाम न होने के चलते सब आवाज से कयास लगाते रहे।