बरेली। सेटेलाइट पर फुटओवर ब्रिज का टेंडर निकालने के बाद नगर निगम शहरवासियों को एक और फुटओवर ब्रिज देने की योजना बना रहा है। यह फुटओवर ब्रिज पीलीभीत बाईपास पर फीनिक्स मॉल के सामने बनाने की प्लानिंग है। मेयर उमेश गौतम ने निर्माण विभाग को इसका एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं।
मेयर बनने के बाद उमेश गौतम ने सेटेलाइट पर फुटओवर ब्रिज बनवाने की घोषणा की थी। पीपीपी मोड पर इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू हो चुकी है और इसका टेंडर निकाल दिया गया है। पीपीपी मोड पर बनने वाले इस फुटओवर ब्रिज पर होने वाले विज्ञापन की 80 प्रतिशत कमाई इसके ठेकेदार और 20 प्रतिशत नगर निगम को मिलेगी। मेयर उमेश गौतम ने बताया कि इसी तर्ज पर अब पीलीभीत रोड पर दूसरा फुटओवर ब्रिज फीनिक्स मॉल के सामने बनाने की योजना है। वहां भी काफी भीड़ होती है और सड़क पार करते समय हादसे का खतरा रहता है। इसको ध्यान में रखते हुए निर्माण विभाग को एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं। इस फुटओवर ब्रिज में भी बुजुर्ग एवं दिव्यांगों की सहूलियत के लिए दोनों ओर स्वचालित सीढ़ियां और लिफ्ट लगाई जाएगी।